21 अक्टूबर को दी जाएगी प्रदेश के 11 शहीद पुलिसकर्मियों श्रद्धांजलि

भोपाल: हर वर्ष की तरह 21 अक्टूबर को प्रदेश भर में पुलिस स्मृति परेड आयोजित होगी। भोपाल में लाल परेड मैदान पर स्थिति शहीद स्मारक पर यह परेड आयोजित होगी। जिसमें राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्य सचिव अनुराग जैन, डीजीपी कैलाश मकवाना सहित अन्य अफसर शामिल होंगे। प्रदेश पुलिस में 11 जवान वीरगति को प्राप्त हुए, इन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। पुलिस स्मृति परेड का अभ्यास इन दिनों तेजी से चल रहा है।

पुलिस स्मृति परेड दिवस पर इन सभी 11 पुलिस जवानों के परिजनों को भोपाल बुलाया जाएगा। परिजनों को यहां पर सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले पुलिस मुख्यालय की कल्याण शाखा ने पुलिसकर्मियों के निधन पर उनके परिजनों को मिलने वाली सभी मदद और सुविधाओं को लेकर रिव्यू कर लिया है। गृह विभाग के नियमानुसार इन सभी को मदद कर दी गई है।

इस मौके पर पुलिस स्मृति परेड का आयोजन होगा। शहीद स्मारक पर राज्यपाल के अलावा सभी पुलिस अफसर बारी-बारी से सभी पुष्पचक्र अर्पित करेंगे। परेड के बाद राज्यपाल, मुख्य सचिव और डीजीपी इन परिजनों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उन्हें आश्वस्त किया जाएगा कि वे पुलिस परिवार का हिस्सा है और पुलिस महकमा उनकी मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। प्रदेश के इन 11 शहीदों के अलावा देश भर में 191 पुलिसकर्मी और अफसर भी एक साल में वीरगति को प्राप्त हुए हैं। उन्हें भी श्रद्धांजलि दी जाएगी। भोपाल के अलावा हर जिले में पुलिस स्मृति परेड का आयोजन किया जाएगा।