90 डिग्री के ब्रिज ने उड़ायी ढहऊ की नींद, अब बावड़ियाकलां ब्रिज पर फोकस

भोपाल: राजधानी में हाल ही में 90 डिग्री के ब्रिज ने जिस तरह से पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों की नींद उड़ा कर रखदी है उसको देखते हुए विभाग अब अपने सभी प्रोजेक्ट पर फूंक-फूंक कर कदम रख रहाहै। इसके चलते बाबूलाल गौर बावड़ियां कला ब्रिज पर भी फोकस किया गया है। अब वहां के एक्सीडेंटल पाइंट्स को खत्म कर ट्रैफिक सेफ्टी नार्म्स का पालन किया जा रहा है। इसके चलते यहां पर जल्द ही सात मीटर के चार लेफ्ट टर्न बनाये जाएंगे और नहर के ऊपर से पुलिया बनाने का काम भी शुरू हो जाएगा। इस ब्रिज पर ट्रे  फिक का हैवी लोड है जिसको कंट्रोल करने के लिये अब सिग्नल और कैट आई भी लगायी जा रही है।

2 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा फायदा

इस ब्रिज से शाहपुरा, त्रिलंगा, गुलमोहर, चूनाभट्टी, दानिश कुंज, महाबली नगर, कोलार रोड की दर्जनों कॉलोनियां, महेंद्रा टाउनशिप, बावड़िया कला, आकृति, सलैया क्षेत्र, नयापुरा, ललिता नगर सहित कई अन्य कॉलोनियों के रहवासियों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा होशंगाबाद रोड, कटारा हिल्स, बाग मुगालिया, विद्या नगर, मंडीदीप, मिसरोद आदि क्षेत्रों के लोगों को कोलार, शाहपुरा आने-जाने वालों को सहूलियत होगी।