अवैध उत्खनन-परिवहन पर लगाम लगाने सरकार बदल रही नियम
भोपाल: मध्यप्रदेश में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों को अब आरएफआईडी टैग से लैस किया जाएगा। इससे अवैध खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा। खनिज विभाग अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए नियमों में बदलाव करने जा रहा है।
इसके लिए मौजूदा व्यवस्थाओं में कई तरह के बदलाव किए जा रहे है। प्रदेश में खनिज विभाग ने 41 स्थानों पर ई चैक गेट लगाए हैं। इन चैक गेटों को कैमरे और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से लैस किया जा रहा है। अभी इन चैक गेटों पर नंबर प्लेट को कीचड़ से ढकने, मोड़ देने, तोड़ देने के कारण वाहनों की पहचान नहीं हो पा रही है। अब ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि प्रदेश में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर रेडियो फ्रिकवेंसी वाला आईडी टैग लगाया जाएगा। वाहनों के नंबर इन पर डाले जाएंगे। उसकी फोटो भी विभाग के पोर्टल पर अपलोड होगी। उत्तरप्रदेश की तर्ज पर वाहनों को सुरक्षा फीचरों से लैस किया जाएगा। ये गाड़ियां खदानों से भी लिंक होंगी। जो वाहन लिंक होंगे वे ही खनिज परिवहन कार्य में लगाए जाएंगे। इनकी मैपिंग भी की जाएगी।
विभाग के पोर्टल पर नजर आएगा रूट मैप
आएफआईडी टैग लगने के बाद वाहन खदान से लेकर गंतव्य तक पहुंचने तक विभाग के पोर्टल के मैप पर भी नजर आएगा। वह कहां जा रहा है, कब निकला है। निर्धारित मार्ग से दूसरे मार्ग पर जा रहा है यह विभाग को पता चल जाएगा। जिले में डिस्ट्रिक कमांड सेंटर और स्टेट में स्टेट कमांड सेंटर बनेंगे। इसमें गाड़ी निकलते ही उसमें क्या परिवहन किया जा रहा है यह सारा ब्यौरा पोर्टल पर आ जाएगा। रास्ते में उस वाहन को चैक किया जा सकेगा। यदि कहीं गड़बड़ नजर आएगी तो जिले की टीम को मैसेज जाएगा और वह टीम भौतिक रुप से वहां जाकर उसका सत्यापन करेगी।इसमें परिवहन विभाग और पुलिस की मदद भी ली जाएगी। यदि गाड़ी पंजीकृत नहीं है और खनिज परिवहन कर रही है तो यह भी पता चल जाएगा। इसके अलावा एक टीपी पर एक से अधिक बार खनिज परिवहन किया जा रहा है तो इसको भी देखा जा सकेगा। बिना नंबर प्लेट के वाहन से खनिज परिवहन होंने पर भी उसकी पहचान की जा सकेगी। इलेक्ट्रिक इविडेंस कोर्ट में मान्य किए जा सके इसका प्रावधान भी नियमों में किया जा रहा है। वाहन अवैध है, पंजीकृत नहीं है, नंबर नहीं दिख रहा है, प्लेट गड़बड़ है। मात्रा से अधिक परिवहन हो रहा है। गलत रूट से जा रहे वाहन पर भी नजर रखी जा सकेगी।
यह होंगे फायदे…
अवैध परिवहन की रोकथाम: आरएफआईडी टैग
खदानों से खनिज के अवैध परिवहन को रोकने में
मदद करते हैं क्योंकि प्रत्येक वाहन की आवाजाही को
ट्रैक किया जाता है।
वाहनों की निगरानी: आरएफआईडी टैग के माध्यम
से वाहनों की गतिविधियों की रियल-टाइम निगरानी
की जाती है।
सुरक्षा और प्रवेश नियंत्रण: यह खदान स्थल पर
कर्मचारियों और वाहनों के प्रवेश और निकास को
नियंत्रित करने में मदद करता है, जिससे सुरक्षा
सुनिश्चित होती है।
सटीक डेटा: आरएफआईडी टैग न केवल वाहन की
पहचान करते हैं बल्कि परिवहन से संबंधित डेटा भी
एकत्र करते हैं, जो निर्णय लेने और संचालन को
अनुकूलित करने में मदद करता है।