कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन विश्नोई सोमवार को स्थानीय कृषि उपज मंडी पहुंचे। जहां उन्हें किसान परेशान होते मिले। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्नोई ने कहा है कि खिरकिया मंडी में अव्यवस्थाएं हैं, जिससे हजारों किसान परेशान है। मंडी में जिम्मेदार अधिकारी किसानों का शोषण कर रहे हैं। किसानों को रात-रात भर परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मंडी में 35 गार्ड होने के बाद भी कोई गार्ड ड्यूटी पर नहीं था। मंडी सचिव ने बार-बार फोन लगाए, किंतु गार्ड ने फोन तक नहीं उठाया। उन्होंने बताया कि मंडी में जगह की कमी होने के बावजूद, खाद वितरण के लिए मंडी परिसर में गोडाउन किराए पर दे दिया है। उन्होंने बताया कि मंडी में प्लेट कांटे बढ़ाने की मांग कांग्रेस दो साल से कर रही है, लेकिन कांटे नहीं बढ़ाए गए। खाद वितरण में किसानों को परेशान किया जा रहा है, खाद की कालाबाजारी की जा रही है। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमंत टाले, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर सोलंकी, कांग्रेस के सूरज सिंह राजपूत, रवि विश्नोई, लोकेश जयसवाल, गोविंद सिंह राजपूत, सतीश भादू, देवेन्द्र राजपूत, हार्दिक जायसवाल आदि भी उपस्थित थे।