डिजिटल पेमेंट और बढ़ते सायबर क्राइम के दौर में सावधानीही सुरक्षा: डॉ. यादव

भोपाल: अब वह जमाना गया जब भीड़ में हम अपनी जेब का ध्यान रखते हैं। अब तकनीकी का जमाना है, अब मोबाइल फोन को संभालने का दौर है। सायबर अपराध से बचने का एक मात्र तरीका है हमारी स्वयं की सावधानी। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रन फॉर सायबर अवेयरनेस के आयोजन पर कही। मुख्यमंत्री ने भोपाल के अटल पथ पर इस रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करवाया। इस मौके पर डीजीपी कैलाश मकवाना सहित पुलिस के अन्य अफसर भी मौजूद थे। इस मौके पर आयोजित हुई दौड़ अटल पथ से होते हुए टीटी नगर स्टेडियम पर समाप्त हुई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई क्षेत्रों में देश ने तेजी से प्रगति की है। कई देश अब हमारा अनुसरण कर रहे हैं। भारत नई-नई तकनीक का उपयोग कर रहा है जिससे देश और प्रदेश की प्रगति को नंबर एक बनाने का काम हो रहा है। देश में डिजिटल पेमेंट का माहौल बना है, लेकिन इसकी चुनौतियां भी है। प्रधानमंत्री एक तरफ नई तकनीकी को अपनाने के लिए सभी को प्रेरित करते हैं। वहीं दूसरी तरफ वे इनसे आने वाली चुनौतियों के लिए लोगों को जागरुक करते हैं। सायबर अपराध का बढ़ता दौर है, इसमें हमे तकनीक को छोड़ने की जगह, तकनीक के सहारे ही इसे नियंत्रित करना है। प्रदेश पुलिस ने अक्टूबर में साबयर अवेरयनेस का अभियान चलाया है। अवेरयनेस की यह शुरूआत है, सभी को अब यह मान कर चलना होगा कि उनके आसपास 24 घंटे इस तरह के अपराध हो सकते हैं।  अच्छे खासे आदमी भी सायबर ठगों के जाल में फंस कर डिजिटल अरेस्ट हो जाते हैं।