डॉ. मोहन यादव ने पत्रकारों संग बांटी दिवाली की खुशिया

भोपाल: मुख्यमंत्री निवास में मंगलवार की शाम रोशनी, मुस्कुराहट और आत्मीयता से भरी रही। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों, कैमरामैन और फोटोग्राफरों को दीपोत्सव मिलन समारोह में आमंत्रित किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुए इस आयोजन में हास- परिहास और स्नेहिल बातचीत के पल देखने को मिले। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के चौथे स्तंभ,पत्रकारिता जगत के प्रतिनिधियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं, जो जनभावनाओं को शासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। सरकार के काम काज पर को भी जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। दीपावली मिलन समारोह में जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना, प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी सहित भाजपा के कई प्रवक्ता मौजूद थे। मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सभी पत्रकारों के पास पहुंच कर उनसे भेंट की। इस दौरान फोटो और सेल्फी का भी दौर चलता रहा। मुख्यमंत्री ने सभी के साथ अलग-अलग फोटो खिंचवाए।