अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन का वर्ष 2025 में नहीं हो सकेगा उद्घाटन
विदिशा: अमृत भारत योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य में लेटलतीफी से यात्री खासे परेशान हैं। फुट ओवर ब्रिज का कार्य अभी भी पूर्ण नहीं हुआ है। इसके अलाव अन्य कार्य जो हो गए हैं उनका फिनिशिंग भी अभी पूर्ण नहीं हुआ है। जबकि पूर्व में डीआरएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करके जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे।
भारत अमृत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर बिल्डिंग सहित अन्य कार्य पूर्ण हो चुके हैं। समय सीमा मेंं फुटओवर ब्रिज से लेकर अन्य फिनिशिंग कार्य अभी भी पूरे नहीं हुए हैं। खासकर एफओबी का निर्माण अभी भी पूरा नहीं हुआ है। जिससे यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य कब तक पूरा हो जाएगा इस पर अभी भी सशंय बना हुआ है। वर्तमान में जिस गति से ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है उसमें अभी भी करीब दो महीना का समय लग सकता है। यानी रेलवे स्टेशन का उद्घाटन नए साल में ही हो पाएगा।
दो कंपनी संयुक्त रूप से कर रही है काम
सूत्र बताते हैं कि अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य दो कंपन सयुंक्त रूप से कर रही हैं। लेकिन इसके बाद भी निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं हो सके हैं। एफओबी का निर्माण कार्य तेज गति से जरूर चलने लगा है लेकिन प्लेट फार्म नं. वन पर ब्रिज का काम चलने से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना आज भी करना पड़ रहा है। कार्य कब तक पूर्ण होगा इस पर अभी भी सशंय बरकरार है।
बारिश से प्रभावित हुए निर्माण काय
रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य बारिश से प्रभावित हुए हैं। जिन निर्माण कार्यो को समय सीमा में पूर्ण किया जाना था वह मानसूनी सीजन में हुई बारिश की वजह से काफी हद तक प्रभावित हुए। निर्माण कार्य में विलंब की असली वजह बारिश को बताया जा रहा है। बारिश थमने के बाद फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। फुट ओवर ब्रिज बनकर खड़ा तो हो गया है लेकिन इसमें अभी भी कार्य पूर्ण होने में समय लगेगा।
प्लेट फार्म वन पर चल रहा फाउंडेशन काय
एफओबी ब्रिज के निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। प्लेट फार्म क्रमांक 01 पर फाउंडेशन कालम भरने का काम चल रहा है। फुट ओवर ब्रिज पर चढ़ने के लिए प्लेटफार्म नं. वन के बाहर का स्ट्रक्चर तैयार हो गया है। लेकिन प्लेट फार्म वन पर फाउंडेशन कालम भरने का काम इंजीनियर की देखरेख में चल रहा है। कालम भरने का कार्य चलने से यात्रियों को उक्त प्लेट फार्म पर आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
67 मीटर लंबा,12मीटर चौड़ा बन रहा है ब्रिज
रेलवे स्टेशन पर पुराने ओवर ब्रिज की चौड़ाई कम होने से यात्रियों के लिए आनेजाने में भीड़ के दौरान खासी परेशानी का सामना करना पड़ता था। जिससे यात्री कई बार आवागमन के दौरान आपस में टकरा जाते थे जिससे विवाद की स्थिति बनती है। लेकिन अब जो नए एफओबी का निर्माण किया जा रहा है उसमें इसमें लंबाई व चौड़ाई का विशेष ध्यान रखा गया है। निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज की लंबाई 67 मीटर है व चौड़ाई 12 मीटर है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर अमृत भारत योजना के तहत फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन इसका कार्य पूर्ण होने में कितना वक्त और लगेगा यह बताने से अधिकारी बच रहे हैं।
नए साल में होगा उद्घाटन…
रेलवे स्टेशन पर जो निर्माण कार्य चल रहा है उनमें कई काम ऐसे हैं जिनमें फिनिशिंग कार्य होना है। इसके अलावा फुट ओवर ब्रिज के अभी प्लेट फार्म नं. वन पर कालम भरने का कार्य चल रहा है। इन सब कार्य पूर्ण होने में दो महीना का समय और लग सकता है। वर्तमान में जिस गति से कार्य चल रहा है उसको देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि रेलवे स्टेशन का उद्घाटन आने वाले साल में ही हो पाएगा। हालांकि उद्घाटन को लेकर रेलवे के अधिकारी अभी भी स्पष्ट रूप से बताने में कतरा रहे हैं। लेकिन ऐसा माना जा रहा है पूरे कार्य वर्ष के अंत तक ही हो सकेंगे। इसलिए उद्घाटन नवीन वर्ष यानी जनवरी के महीना में संभव हो सकता है।