व्हीसी के माध्यम से थाना प्रभारियों को दिए कार्यवाही के निर्देश
अशोकनगर: पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा नई पहल करते हुए मंगलवार को एसपी कार्यालय अशोकनगर के कॉन्फ्रेंस हॉल में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई में जिले के समस्त थाना प्रभारियों को आॅनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया और प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए। नवागत एसपी की इस नई पहल से फरियादियों के चेहरे पर प्रसन्नता नजर आई और उनमें यह आशा जगी कि उनकी शिकायत पर जरूरी कार्यवाही अवश्य होगी। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन महिला, पुरुष, वृद्धजन आदि फरियादियों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा पहले तो प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से पढ़ा और फिर फरियादी से भी चर्चा की गई इसके बाद संबंधित थाना प्रभारियो को ऑनलाइन ही तत्काल निर्देश दिए गए कि वे शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ता को उचित जानकारी और सहायता उपलब्ध कराएं। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे तौर पर सुनना एवं पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता लाना है। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु एक पारदर्शी, जवाबदेह एवं नागरिक केंद्रित पुलिस व्यवस्था कोऔर अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। यह पहल पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता के संबंधों को सशक्त करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।