प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर किया नमन, एकता परेड की सलामी ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के नर्मदा जिले स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पहुँचकर भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर, उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस पर देशवासियों को एकता की शपथ दिलाई और भव्य राष्ट्रीय एकता परेड की सलामी ली। इस वर्ष की परेड का विशेष आकर्षण यह रहा कि इसकी सभी टुकड़ियों का नेतृत्व महिला अधिकारियों ने किया।

 केवडिया में भव्य राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह

प्रधानमंत्री मोदी सुबह एकता नगर (केवडिया) पहुँचे और सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद, उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल टुकड़ियों की सलामी ली। इस परेड में BSF, CISF, ITBP, CRPF और अन्य बलों की कुल 16 टुकड़ियाँ शामिल हुईं। परेड में BSF के 16 पदक विजेता और CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता भी शामिल हुए, जबकि 9 बैंड टुकड़ियों और 4 स्कूल बैंड ने शानदार प्रस्तुति दी। वायुसेना की ‘सूर्यकिरण’ टीम ने अद्भुत फ्लाई पास्ट किया, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा।

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को दोहराया

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल केवल भारत के पहले गृह मंत्री नहीं थे, बल्कि वे एकता के सूत्रधार थे। उन्होंने जोर दिया कि सरदार पटेल ने आजादी के बाद देश को एक सूत्र में बाँधा और उनकी सोच आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि हमें उनके दिखाए रास्ते पर चलकर भारत को एकजुट, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को दोहराना है।

राष्ट्रीय एकता परेड में महिला नेतृत्व की झलक

इस वर्ष की राष्ट्रीय एकता परेड महिला सशक्तिकरण का केंद्र बनी। गुजरात कैडर की IPS अधिकारी सिमरन भारद्वाज ने गार्ड ऑफ ऑनर का नेतृत्व किया। CRPF और गुजरात पुलिस की महिला विंग ने राइफल ड्रिल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साथ ही, BSF का डॉग शो और असम पुलिस का मोटरसाइकिल स्टंट शो भी आकर्षण का केंद्र रहे।

पटेल की विरासत आज भी मार्गदर्शक

प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत की महत्ता को रेखांकित किया, जिन्होंने स्वतंत्रता के बाद 560 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि पटेल की दूरदर्शिता और जनसेवा की भावना से ही आज भारत विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है।

15 दिन तक चलेगा ‘भारत पर्व 2025’

एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में 1 से 15 नवंबर तक ‘भारत पर्व 2025’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान देशभर की सांस्कृतिक झलकियाँ, लोकनृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियाँ होंगी। हर शाम दो राज्यों की टीमें डैम व्यू पॉइंट-1 पर अपने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगी।

राष्ट्रपति और मुख्यमंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने अटूट संकल्प और साहस से भारत को एकजुट किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल से देशभर में एकता की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष देश के 600 से अधिक स्थानों पर ‘Run for Unity’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया है।