भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्वर्गीय बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की प्रसिद्ध रचना ‘वंदे मातरम’ के 7 नवंबर 2025 को 150 वर्ष पूरे होने पर इसे देश और प्रदेश स्तर पर उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल प्रदेश कार्यालय में मूल स्वरूप में ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से इसकी शुरुआत करेंगे। इसके बाद सभी उपस्थितजन स्वदेशी के संकल्प की सामूहिक शपथ लेंगे।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश में भोपाल सहित 10 संभागों और 10 चुनिंदा स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक भाग लेंगे। 7 नवंबर से शुरू होकर 26 नवंबर (संविधान दिवस) तक चलने वाले इस उत्सव में हर जिले और हर शिक्षण संस्थान की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सामूहिक गायन के प्रमुख स्थल
‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन 10 संभागीय मुख्यालयों पर होगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के शौर्य स्मारक, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा के कलेक्टर कार्यालय, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर कलेक्टर कार्यालय, राकेश सिंह जबलपुर कलेक्टर कार्यालय, राव उदय प्रताप सिंह नर्मदापुरम कलेक्टर कार्यालय, प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर कलेक्टर कार्यालय, गोविंद सिंह राजपूत सागर कलेक्टर कार्यालय, एंदल सिंह कंसाना मुरैना कलेक्टर कार्यालय, दिलीप जायसवाल शहडोल कलेक्टर कार्यालय तथा गौतम टेटवाल उज्जैन कलेक्टर कार्यालय में वरिष्ठजनों के साथ शामिल होंगे।
भाजपा के 10 विशेष आयोजन स्थल
भाजपा 7 नवंबर को 10 खास स्थानों पर भी सामूहिक गायन का आयोजन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भोपाल भाजपा कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। अन्य स्थलों में मां नर्मदा तट सेठानी घाट (नर्मदापुरम), शहीद रामप्रसाद बिस्मिल स्मारक (मुरैना), रानी लक्ष्मीबाई बलिदान स्थल (ग्वालियर), रानी लक्ष्मीबाई स्मारक (सागर), शहीद पदम्धर स्मारक (रीवा), शहीद स्मारक (शहडोल), शहीद रघुनाथ शाह-शंकर शाह बलिदान स्थल (जबलपुर), देवी अहिल्या बाई स्मारक (इंदौर) और महाकाल लोक (उज्जैन) शामिल हैं। इन कार्यक्रमों में स्थानीय मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर और वरिष्ठजन हिस्सा लेंगे।