उत्तरी हवाओं के चलते ठिठुरन बरकरार

राजधानी में उत्तर से आ रही बफीर्ली हवाओं के कारण कोल्ड वेब का असर तीसरे दिन भी जारी रहा। राजधानी भोपाल और उससे जुड़े इलाकों में शीतलहर का असर है। यहां तापमान में आई गिरावट पर गौर करें तो प्रदेश के कई शहरों में पारा रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ है। शहडोल में पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि भोपाल में यह 8.3 डिग्री पर दर्ज किया गया है। अगले 24 घंटों के बारे में मौसम विभाग का अनुमान है कि आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे और लोगों को अधिक ठंडक का अहसास होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, एमपी के उत्तरी हिस्से में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। जिससे उत्तरी हवाएं आ रही हैं। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हो रही है। इस वजह से ठंड बढ़ गई है। भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम रहा। भोपाल में यह 28.3 दर्ज किया गया है जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेशभर के 18 जिलों के लिए कोल्ड वेब का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर और राजगढ़ में तीव्र शीतलहर और छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, शहडोल, शाजापुर, बैतूल, सीहोर, मंडला, रीवा, देवास, मैहर और मऊगंज में शीतलहर चलेगी।