मध्यप्रदेश में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हुए, प्रदेश का इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी हो या कान्हा, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, और दोनों ज्योतिर्लिंग, अब पर्यटक इन स्थानों तक सिर्फ सड़क या ट्रेन से ही नहीं, बल्कि पीएमश्री पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा के माध्यम से आसमान में उड़कर भी पहुंच सकेंगे। यह सेवा 20 नवंबर से नियमित रूप से शुरू हो रही है, जिसके साथ ही मध्यप्रदेश देश में अंतर-राज्यीय वायु सेवा संचालित करने वाला पहला राज्य बन जाएगा। इस सेवा के शुरू होने से पर्यटक कम समय में गंतव्य तक पहुंच पाएंगे, जैसे भोपाल से पचमढ़ी का सफर महज 5,000 रुपये में पूरा किया जा सकेगा, जबकि इंदौर से ओंकारेश्वर की दूरी केवल 25 मिनट में तय हो जाएगी।
सप्ताह में पाँच दिन— सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार और एक बार फिर मंगलवार को— यह हेलिकॉप्टर सेवाएँ उड़ान भरेंगी, जबकि बुधवार और गुरुवार को कोई उड़ान नहीं होगी। यह सेवा पर्यटन को तीन प्रमुख सेक्टरों में बाँटेगी: वेलनेस, वाइल्ड लाइफ और धार्मिक स्थल। पहले चरण में चार बड़े शहर— भोपाल, इंदौर, उज्जैन-जबलपुर, दो ज्योतिर्लिंग— महाकाल उज्जैन और ओंकारेश्वर खंडवा, तीन नेशनल पार्क— कान्हा, बांधवगढ़ और सतपुड़ा, और तीन धार्मिक शहर— अमरकंटक, चित्रकूट-मैहर को जोड़ा गया है।
सेक्टर के हिसाब से, वेलनेस सेक्टर में भोपाल, पचमढ़ी और मढ़ई को जोड़ा गया है, वहीं वाइल्ड लाइफ सेक्टर के तहत जबलपुर, मैहर, चित्रकूट, कान्हा, बांधवगढ़ और अमरकंटक को शामिल किया गया है। धार्मिक सेक्टर में इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर को जोड़ा गया है।
इस हेलिकॉप्टर में एक साथ छह यात्री सफर कर पाएंगे, जिससे परिवार और छोटे समूह आसानी से यात्रा कर सकेंगे। यात्रा के दौरान, पर्यटक आसमान से सतपुड़ा की हरी-भरी वादियों, पहाड़ों और टाइगर रिजर्व के घने जंगलों का अद्भुत दृश्य लाइव देख सकेंगे। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने इस सेवा के लिए हेलीपैड तैयार किए हैं। पचमढ़ी, ओंकारेश्वर, कान्हा, बांधवगढ़, अमरकंटक और मैहर में नए हेलीपैड बनाए गए हैं, जबकि भोपाल, इंदौर और जबलपुर में एयरपोर्ट तथा उज्जैन में हवाई पट्टी पहले से ही मौजूद है।
इस सेवा के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग वेबसाइट www.flyola.in पर ‘पहले आओं, पहले पाओं’ के आधार पर की जा सकती है, क्योंकि हेलिकॉप्टर में सीमित (छह) सीटें ही उपलब्ध हैं।
हालांकि इस सेवा का बड़ा दावा कम समय पर सीधे पर्यटन स्थल तक पहुँचाने का है, लेकिन चेक-इन और टेक-ऑफ की प्रक्रिया लंबी होने के कारण इसमें चुनौतियाँ भी हैं। उदाहरण के लिए, भोपाल में शहरी क्षेत्र के पर्यटक को एयरपोर्ट पहुँचने में 30 से 30 मिनट लग सकते हैं, और फिर चेक इन प्रक्रिया में दो से तीन घंटे का वक्त लग सकता है। इसके अलावा, भोपाल से पचमढ़ी का किराया (5,000 रुपये) वंदे भारत ट्रेन से कई गुना अधिक है। इन चुनौतियों के बावजूद, पर्यटन विभाग को इस नई सेवा के लिए अच्छा रिस्पांस मिलने की उम्मीद है।