SIR: अच्छा काम करने वाले BLO को सम्मान, कमी बरतने वालों का निलंबन

भोपाल: राजधानी की सभी 7 विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अच्छा काम करने वालों को जहां सम्मानित किया जा रहा है। वहीं, काम में कमी करने या लापरवाही बरतने पर निलंबित किया जा रहा है, ताकि एसआईआर के काम में तेजी आ सके। हालांकि, राजधानी में गणना पत्रक वितरित करने का काम आधे महीने से जारी है, लेकिन इसमें अब भी पूरी तरह से गणना पत्रक वितरित नहीं हो पाए हैं। सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) जिले के 21 लाख 25 हजार 683 मतदाताओं के फोटो और जानकारी प्रिंटेड गणना फार्म बांटकर जानकारी दे रहे हैं, ताकि तय समय पर अधिक से अधिक लोग अपने पत्रक जमा कर सकें।

भोपाल जिले में इस काम में लगातार लेटलटीफी हो रही है। हालात ये हैं कि काम को 15 दिन पूरे होने के बाद भी अब तक इस पर काम कई गुना पीछे है। इतना ही नहीं, गणना पत्रक को डिजिटाइज करने का काम भी बहुत कम हो रहा है। ऐसे में राजधानी भोपाल, प्रदेश के बड़े शहरों की तुलना में लगातार पिछड़ रहा है। हाल ही में इसकी समीक्षा बैठक में भी इस पर जमकर नाराजगी जाहिर की गई थी। यह काम  अधिकारिक तौर पर 4 दिसंबर तक पूर्ण किया जाना है।

3 विधानसभाओं में काम हुआ सबसे कम

राजधानी में सबसे खराब स्थिति उत्तर, नरेला और दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में बनी हुई है। यहां पर न तो पूरी तरह से गणना पत्रक वितरित हो पाए हैं और न ही जमा हुए गणना पत्रकों का डिजिटाइलेशन हो पाया है। ऐसे में अब कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने खुद इस मामले में गंभीरता दिखाकर तीनों विधानसभा में सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए हैं।