भोपाल की राजधानी में टीटी नगर थाने के पास एक स्कूटी सवार व्यक्ति को अचानक दिल का दौरा पड़ने से वह सड़क किनारे बेहोश होकर गिर पड़ा। समय पर मिली सूचना के चलते डायल-112 की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन शाम करीब 6:10 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 को सूचना मिली कि टीटी नगर इलाके में एक व्यक्ति स्कूटी चलाते समय अचानक गिर गया और उसकी हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन के प्रधान आरक्षक बृजकिशोर सिंह जादौन और पायलट योगेंद्र सिंह सिकरवार तुरंत मौके पर पहुँचे।
वहाँ उन्हें एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ा मिला। हालत देखते ही दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना एक पल गँवाए सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) शुरू कर दिया। कई मिनट तक लगातार सीपीआर देने से व्यक्ति की साँसें और धड़कनें वापस लौट आईं। इसी बीच पीड़ित के परिजन भी मौके पर पहुँच गए।
पुलिसकर्मियों ने व्यक्ति को उसके परिवार वालों के साथ नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।