गयाजी के हरीहर सुब्रमण्यम स्टेडियम, गांधी मैदान में शुक्रवार को पहली बार अस्मिता डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स लीग के तहत प्रथम महिला एथलेटिक्स लीग का भव्य उद्घाटन हुआ। इस आयोजन से जिले की महिला खिलाड़ियों को एक नई पहचान और मंच मिलने की उम्मीद है।
इस लीग का उद्घाटन नगर विधायक डॉ. प्रेम कुमार, वजीरगंज विधायक वीरेंद्र सिंह, गयाजी ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि प्रपन्न और पैटर्न डॉ. नवनीत निश्छल ने किया। इस ऐतिहासिक लीग में जिले के 30 स्कूलों की 350 बालिकाएं ट्रैक पर अपना दमखम दिखाने उतरी हैं।
निशुल्क ट्रेनिंग और नौकरियों के अवसर
उद्घाटन के मौके पर नगर विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और खेल को बढ़ावा देने के लिए तमाम योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बेहतर खेल का प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को सरकार द्वारा नौकरियाँ भी दी जा रही हैं।
ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष हरि प्रपन्न ने इस आयोजन पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे देश में यह लीग आयोजित करने का अवसर 300 जिलों को मिला है, जिसमें गयाजी भी शामिल है। उन्होंने बताया कि यह लड़कियों को बेहतर खेल प्रदर्शन करने का सुनहरा मौका है, ताकि उन्हें निशुल्क ट्रेनिंग के लिए चुना जा सके। चयनित खिलाड़ियों को पटियाला में निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, जहाँ से वे राष्ट्रीय खेलों के लिए चयन की तैयारी कर सकेंगी।
गयाजी एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि खेल का शुभारंभ हो चुका है और सभी प्रतिभागी अपनी क्षमता दिखा रहे हैं। जिला एथलेटिक्स संघ इसे जिले में महिला एथलेटिक्स की सबसे बड़ी शुरुआत मान रहा है।