राजधानी भोपाल में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताज़ा मामला बैरागढ़ कला स्थित महाकाल कॉलोनी का है, जहाँ देर रात एक बदमाश ने घर के बाहर खड़ी दो कारों में आग लगा दी। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक संदिग्ध अवस्था में कॉलोनी में प्रवेश करता है, जिसके हाथ में ज्वलनशील पदार्थ से भरा कोई डिब्बा नजर आ रहा है। कुछ ही देर बाद उसने सुनील विश्वकर्मा के घर के बाहर खड़ी बलेनो समेत दो गाड़ियों में आग लगा दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल आग की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची खजूरी थाना पुलिस ने आग पर काबू पाया, घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए जाँच में जुटी है। इस तरह की लगातार बढ़ रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएँ बढ़ती जा रही हैं।