₹252 करोड़ ड्रग्स केस में श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर से ANC की पूछताछ

मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के भाई और अभिनेता सिद्धांत कपूर मंगलवार को ₹252 करोड़ के हाई-प्रोफाइल ड्रग्स मामले की जांच के सिलसिले में एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) के सामने पूछताछ के लिए पेश हुए। सिद्धांत अपने वकील के साथ ANC की घाटकोपर यूनिट पहुँचे।

यह पूछताछ मुख्य रूप से हाल ही में दुबई से प्रत्यर्पित किए गए ड्रग तस्कर ताहेर डोला के बयान पर आधारित है। डोला ने दावा किया था कि वह भारत और विदेशों में जिन पार्टियों का आयोजन करता था, उनमें बॉलीवुड और फैशन जगत के कई बड़े नाम शामिल होते थे, जहाँ मेफेड्रोन जैसे ड्रग्स की सप्लाई की जाती थी।

मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूछताछ का उद्देश्य आरोपी के बयानों में सामने आई जानकारियों की पुष्टि करना है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सिद्धांत कपूर की गिरफ्तारी या किसी प्रकार का आरोप इस समय नहीं है। सिद्धांत कपूर इससे पहले भी ड्रग्स से जुड़े विवादों में रह चुके हैं। साल 2022 में उन्हें बेंगलुरु की एक रेव पार्टी के दौरान ड्रग्स के सेवन के आरोप में हिरासत में लिया गया था।

इस मामले में सिद्धांत कपूर के अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर ओरहान अवात्रामणि उर्फ ओरी को भी समन भेजा गया है। ओरी को पहले भी बुलाया गया था, लेकिन वह हाजिर नहीं हुए थे। अब उन्हें 26 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

ANC इन सभी हाई-प्रोफाइल नामों के बयानों की जाँच कर रही है, ताकि इस ₹252 करोड़ के ड्रग्स सिंडिकेट की कड़ियों को जोड़ा जा सके।