इंदौर मेट्रो का नया अध्याय: सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री खट्टर आज हरी झंडी दिखाएंगे

इंदौर शहर की मेट्रो सेवा आज औपचारिक रूप से विस्तार पा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर शाम 4 बजे विजय नगर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में विस्तारित कॉरिडोर का शुभारंभ करेंगे।

कल यानी 6 सितंबर से आम यात्रियों के लिए गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा (रेडिसन होटल चौराहा) तक नियमित सेवा शुरू हो जाएगी। इससे मेट्रो का परिचालन नेटवर्क लगभग 6 किलोमीटर से बढ़कर करीब 17.5 किलोमीटर हो जाएगा।

रूट की खासियत

यह एलिवेटेड मार्ग गांधी नगर से निकलकर सुपर कॉरिडोर, एमआर-10, आईएसबीटी, चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा, हीरा नगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन और विजय नगर होते हुए रेडिसन चौराहे तक जाएगा। कुल 16 स्टेशन इस कॉरिडोर पर स्थित हैं।

संचालन का समय और सुविधा

  • सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक ट्रेनें चलेगीं
  • हर 15 मिनट में एक मेट्रो उपलब्ध रहेगी
  • रोजाना 80 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे