गुरुग्राम में पुलिसकर्मियों को फर्जी विजिलेंस अधिकारी बन पैसे ऐंठने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस के जोनल ऑफिसर से ₹50,000 की मांग करने वाले दो फर्जी विजिलेंस अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में दिल्ली-NCR में आधा दर्जन से ज्यादा ऐसी वारदातों को अंजाम देने का खुलासा किया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक (45) और नितिन कुमार (50) के रूप में हुई है। जाँच में एक चौंकाने वाला नेपाल कनेक्शन सामने आया है, जहाँ आरोपी नितिन कुमार वर्तमान में रहता है।

नेपाल में मिले थे दोनों आरोपी

पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी दीपक (जो प्रॉपर्टी डीलिंग करता है) और नितिन करीब दो साल पहले नेपाल में मिले थे। आरोपी नितिन, जो स्थायी रूप से नेपाल में रहता है, किसी वारदात को अंजाम देने के लिए कभी-कभी भारत आता है। नितिन हाल ही में अक्टूबर 2025 में भारत आया था और तभी दोनों ने मिलकर ज़ोनल ऑफिसर से रुपए ऐंठने की कोशिश की।

पुलिसकर्मी थे इनका मुख्य निशाना

आरोपियों का तरीका यह था कि वे दीपक की गाड़ी में सवार होकर किसी पुलिसकर्मी को निशाना बनाते थे। वे खुद को विजिलेंस अधिकारी बताकर उन्हें डराते थे और उनके खिलाफ शिकायत होने की बात कहकर धमकी देते थे। इसके बाद उनसे डर दिखाकर रुपयों की मांग करते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे हुई अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।