हजारीबाग: कोर्रा मटवारी इलाके में एक पेइंग गेस्ट लॉज में रहकर कोचिंग करने वाले 17 वर्षीय छात्र अंकित कुमार राय ने मंगलवार देर शाम फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मूल रूप से गिरिडीह जिले के चौरा गांव निवासी अंकित पिछले दो साल से हजारीबाग में रहकर 11वीं-12वीं की तैयारी कर रहा था।
मैट्रिक में प्राप्त किए थे 95 फीसदी अंक
अंकित पढ़ाई में बेहद मेधावी था। उसने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वह हजारीबाग आया था। परिजनों के मुताबिक उसे कोई गंभीर तनाव या मानसिक परेशानी नहीं दिख रही थी।
पिता से आखिरी बातचीत में कही थी ये बात
अंकित के पिता अजीत राय ने बताया कि घटना से महज कुछ देर पहले उनकी बेटे से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने पूछा था कि खाना खाया या नहीं। अंकित ने कहा कि रूममेट गांव गया हुआ है और अभी लौटा नहीं है, इसलिए खाना नहीं बना है। पिता ने उसे बाहर से कुछ मंगाने या होटल में खा लेने को कहा तो अंकित ने जवाब दिया, “पापा, वो आ रहा है, थोड़ी देर में पहुंच जाएगा, फिर दोनों साथ में खा लेंगे।” इसके बाद फोन कट गया।
रूममेट ने तोड़ा दरवाजा, अंदर मिला शव
रूममेट के अनुसार जब वह लॉज पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। बार-बार आवाज देने और खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। आखिरकार दरवाजा तोड़कर अंदर गया तो अंकित फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
पुलिस को मौके से मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसकी लिखावट और सामग्री की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है।