बागली-पुंजापुरा सड़क पर स्थित बरझाई घाट में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन एक और दुर्घटना हुई। पुंजापुरा की दिशा में जा रहा एक ट्रक बेकाबू होकर भेरू बाबा मंदिर से पहले लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक के खाई में गिरने की जानकारी कई घंटों बाद मिल सकी। पुलिस ने राहगीरों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद रस्सियों और लकड़ियों का इस्तेमाल कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक (नंबर RJ09GD8128) मक्का लोड करने के लिए सतवास जा रहा था और बरझाई घाट के रास्ते से गुजर रहा था। हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ, लेकिन किसी को तुरंत पता नहीं चला। काफी देर बाद जब ट्रक सतवास नहीं पहुंचा तो इंदौर में रहने वाले ट्रक मालिक को शक हुआ। उन्होंने ट्रक की तलाश में कुछ लोगों को रवाना किया।
चापड़ा पहुंचने पर मालूम हुआ कि ट्रक रात में वहां रुका था और सुबह निकल चुका था। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे बरझाई घाट पर पहुंचकर खोज करने पर दुर्घटना का पता चला। हादसे में मृतक चालक की पहचान 35 वर्षीय लखन पुत्र राधेश्याम मीणा, निवासी अकबरपुर (जिला देवास) के रूप में हुई है।