‘ब्लूचिप’ कंपनी में निवेश के नाम पर NRI से करोड़ों ठगे; सोनू सूद को फिर नोटिस

इंटरनेशनल ठग रवींद्र नाथ सोनी और उसके गिरोह के खिलाफ कानपुर की कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात छह और FIR दर्ज की हैं। ये सभी शिकायतें दुबई में रहने वाले भारतीय अप्रवासी (NRI) नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गई हैं। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि वे ठग रवींद्र नाथ सोनी की ‘ब्लूचिप कंपनी’ और फिल्म अभिनेता सोनू सूद के झांसे में आकर कंपनी में लाखों-करोड़ों रुपए का निवेश करते चले गए।

सोनू सूद पर गंभीर आरोप

पीड़ित NRI ने यह भी आरोप लगाया है कि अभिनेता सोनू सूद ने ठगी की इसी रकम का उपयोग करके साइबर क्राइम पर आधारित फिल्म ‘फतेह’ का निर्माण किया था। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने सभी छह ठगी के शिकार NRI की तहरीर पर ठग रवींद्र नाथ सोनी और उसके गैंग के खिलाफ FIR दर्ज की है। वहीं, इस मामले में अभिनेता सोनू सूद और रेसलर खली को पूछताछ के लिए दूसरा नोटिस जारी किया गया है।

₹1500 करोड़ से अधिक की ठगी

इंटरनेशनल ठग रवींद्र नाथ सोनी ने दुबई, मलेशिया, जापान, भारत, नेपाल सहित कई देशों में ठगी का अपना जाल फैला रखा था। अब तक की जांच से पता चला है कि शातिर ठग ने अपनी ब्लूचिप और अन्य कंपनियों में निवेश के नाम पर 700 से अधिक लोगों से करीब ₹1500 करोड़ से ज्यादा की ठगी को अंजाम दिया है।

ठगी का पैसा समेटकर सोनी ओमान के रास्ते भारत भाग आया था, जहां कानपुर पुलिस ने उसे ₹42 लाख की ठगी के एक मामले में धर दबोचा था। इतनी बड़ी ठगी का खुलासा होने के बाद, आईपीएस अंजलि विश्वकर्मा की देखरेख में गठित विशेष जांच दल (SIT) अब पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है।

पीड़ितों के बयान और निवेश की राशि

ठगी के शिकार कई भारतीय अप्रवासी (NRI) नागरिक, शातिर ठग रवींद्र नाथ सोनी के पकड़े जाने की खबर मिलते ही सोमवार को कानपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे। इन सभी ने ठग द्वारा कंपनी में निवेश के नाम पर की गई धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतों के अनुसार, हरियाणा के रेवाड़ी निवासी दीपक कुमार से रवींद्र ने तीन प्रतिशत ब्याज का लालच देकर ₹26.50 लाख का निवेश कराया था। इसी तरह, दुबई में रह रहे हरियाणा के पलवल निवासी वासुदेव शर्मा से ₹2 करोड़, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी राजीव शास्त्री से ₹54 लाख, और गोरखपुर निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह से ₹42 लाख की बड़ी ठगी को अंजाम दिया गया। गुजरात के वड़ोदरा की अमोल रजनी मिठानी से ₹51 लाख और संगीता सावन कामदार से ₹33.60 लाख की धोखाधड़ी की गई है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर इन सभी पीड़ितों की शिकायतों को एफआईआर में शामिल कर लिया गया है।

पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने सभी शिकायतें सुनने के बाद तुरंत FIR दर्ज करने का आदेश दिया। एसआईटी ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन छह नई FIR के साथ, रवींद्र नाथ सोनी और उसके गैंग पर अब तक कुल 11 FIR दर्ज हो चुकी हैं।