कमला नगर थाने के अंतर्गत आने वाले इलाके में आईआईएफएम कॉलेज गेट के सामने बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई। कबाड़ इकट्ठा करने का काम करने वाले एक मजदूर को मिलेनियम कॉलेज की बस ने पीछे से टक्कर मार दी, गंभीर रूप से घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान वसीम खान (48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नूरानी मस्जिद के पीछे नया बसेरा कमला नगर में रहते थे। वे ठेला लेकर फेरी लगाते और कबाड़ खरीदने का काम करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और चार बेटियां हैं, जो सभी पढ़ाई कर रहे हैं।
बुधवार सुबह करीब 9 बजे वसीम खान ठेला लेकर सुरज नगर की ओर कबाड़ खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान आईआईएफएम गेट के पास कॉलेज बस के चालक ने लापरवाही से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनका शरीर बुरी तरह कुचल गया और कई गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला।
घटना देखकर वहां से गुजर रहे लोगों ने घायल वसीम को तत्काल जेपी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन कुछ समय तक चले इलाज के बावजूद वे बच नहीं सके और उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस बस और फरार चालक की जानकारी जुटाने में जुटी हुई है।