उत्तर और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड, राजस्थान-मध्यप्रदेश में शीतलहर; दिल्ली में घना कोहरा और प्रदूषण

उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में इन दिनों भीषण ठंड का कहर जारी है। मध्य प्रदेश तथा राजस्थान में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। दोनों राज्यों के 19-19 शहरों में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ सहित कई क्षेत्रों में मंगलवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा। सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि नागौर में पारा 5.6 डिग्री तक गिर गया।

उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में बुधवार को शीतलहर के साथ-साथ घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर ओस की बूंदें हल्की बारिश की तरह गिरती नजर आईं। लखनऊ, गोंडा, संभल और चंदौसी जैसे शहरों में दृश्यता शून्य हो गई। सड़कों पर महज 10 मीटर दूर भी कुछ दिखना मुश्किल था। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में मंगलवार रात घने कोहरे के बीच तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

दिल्ली में धुंध के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 10 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मंगलवार को दिल्ली दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 378 दर्ज किया गया। लाहौर 425 एक्यूआई के साथ पहले और सरायेवो दूसरे स्थान पर रहा।

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिसका सबसे अधिक प्रभाव देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में देखा गया। पहाड़ी क्षेत्रों में भी पाला पड़ने के साथ हल्की धुंध नजर आई। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे राज्य में आज मौसम शुष्क रहेगा और कहीं भी बारिश या हिमपात की संभावना नहीं है।

हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बुधवार सुबह कोहरा छाया रहा। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद और रोहतक सहित सात जिलों के लिए कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से राज्य में तापमान में और गिरावट आ सकती है, खासकर राजस्थान से लगे इलाकों में कोहरे का प्रभाव बढ़ने की आशंका है।

मध्य प्रदेश में एक बार फिर शीतलहर का दौर शुरू हो गया है। भोपाल, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में बुधवार को शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भोपाल और ग्वालियर समेत 22 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी है। कोहरे के कारण कई ट्रेनें और उड़ानें देरी से चल रही हैं। मंगलवार को छतरपुर के नौगांव क्षेत्र में घने कोहरे की वजह से दृश्यता 500 से 1000 मीटर के बीच ही रही।