ग्वालियर के मेला मैदान में 25 दिसंबर को ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट– निवेश से रोजगार’ नामक राज्य स्तरीय आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने समिट में आयोजित प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने ग्वालियर व्यापार मेले तथा अटल म्यूजियम का उद्घाटन किया, साथ ही मंच से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया, जिसमें लगभग 1655 इकाइयां शामिल हैं।
यह ग्रोथ समिट भारत रत्न प्राप्त पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के मौके पर आयोजित की गई थी। समारोह में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप, जल संसाधान मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग समेत कई कैबिनेट मंत्री उपस्थित रहे।
इस समिट में देश के प्रमुख उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें गोदरेज इंडस्ट्रीज, गौतम सोलर, हीडलबर्ग सीमेंट, एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप, जेके टायर, टोरेंट पावर, मैकेन फूड्स, एलिक्सर इंडस्ट्रीज, ग्रीनको, जुपिटर वैगन्स, डाबर इंडिया, वर्धमान ग्रुप, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स तथा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड जैसे बड़े समूह शामिल थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ग्वालियर शहर को करीब 17 घंटे के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया। उनके कार्यक्रम वाले स्थलों और मार्गों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए, ताकि बिना अनुमति कोई प्रवेश न कर सके। शाह के आगमन से पहले सीआरपीएफ कमांडो ने सुरक्षा की कमान संभाली और बुधवार सुबह से ही पुलिस अधिकारियों के साथ सभी संबंधित स्थलों व रूट्स का निरीक्षण किया। गृह मंत्री के शहर में रहने तक पूरा इलाका नो फ्लाइंग जोन घोषित रहा, साथ ही सीआरपीएफ ने फाइनल रिहर्सल भी की ताकि तैयारियों में कोई कमी न रहे।