जापान में मंगलवार को आए शक्तिशाली भूकंप के झटकों ने एक बार फिर दहशत पैदा कर दी। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 दर्ज की गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस झटके के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तर-पश्चिमी जापान के शिमाने प्रांत (Shimane Prefecture) के पास तट से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। झटके इतने तेज थे कि शिमाने की राजधानी मात्सुए के साथ-साथ पड़ोसी तोत्तोरी प्रांत के भी कई शहर पूरी तरह हिल गए।
प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ज्ञात हो कि जापान ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित होने के कारण दुनिया के सबसे अधिक भूकंप संवेदनशील देशों में से एक है।