कुआलालंपुर में चल रहे BWF सुपर 1000 मलेशिया बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की स्टार शटलर और दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वही, मेंस डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी भी क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई है। शुक्रवार को खेले गए क्वार्टरफाइनल में सिंधु ने जापान की तीसरी सीड अकाने यामागुची का सामना किया। सिंधु ने सिर्फ 11 मिनट में पहला गेम 21-11 से अपने नाम किया। इसके बाद यामागुची घुटने की चोट के कारण मैच से हट गईं (रिटायर्ड हर्ट), जिससे सिंधु को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया। इससे पहले गुरुवार को राउंड ऑफ 16 में सिंधु ने जापान की आठवीं सीड टोमोका मियाजाकी को 33 मिनट में 21-8, 21-13 से हराया था। सात्विक-चिराग की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में मेंस डबल्स में भारत की टॉप जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने मलेशिया की जुनैदी अरिफ और रॉय किंग याप की जोड़ी को 21-18, 21-11 से हराया। 39 मिनटचले मुकाबले में भारतीय जोड़ी का दबदबा साफ दिखा। अब क्वार्टरफाइनल में उनका मुकाबला इंडोनेशिया की छठी सीड जोड़ी फजर अल्फियन और मुहम्मद रियन अर्दियांतो से होगा। मेन्स सिंगल्स में भारतीय चुनौती खत्म हो गईं है। लक्ष्य सेन और युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी प्री- क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गए। लक्ष्य सेन को हॉन्गकॉन्ग-चाइना के ली चेउक यिउ से 20- 22,15-21 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, आयुष शेट्टी ने विश्व नंबर-1 और टॉप सीड शी यू क्वी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन 18-21, 21- 18, 12-21 से मैच गंवा बैठे।