रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा भंडाफोड़: 50 लाख कैश के साथ 4 बुकी गिरफ्तार, करोड़ों का ट्रांजैक्शन होल्ड

रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए चार हाई-प्रोफाइल सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर के व्यस्त सिंधु भवन की पार्किंग में अपनी कार के भीतर से ही बैटिंग साइट्स का संचालन कर रहे थे और ग्राहकों को जुए के लिए आईडी मुहैया कराते थे। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और गंज पुलिस की इस संयुक्त छापेमारी में आरोपियों के पास से 50 लाख 35 हजार रुपए नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस की तकनीकी जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों के बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपए का संदिग्ध लेनदेन किया जा रहा था, जिसे पुलिस ने तत्काल प्रभाव से ‘होल्ड’ करा दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रितेश गोविंदानी, मोहम्मद अख्तर, विक्रम राजकोरी और सागर पिंजानी के रूप में हुई है, जो रायपुर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, चेक बुक और एक लग्जरी कार सहित करीब 80 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।

रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने सट्टेबाजों के साथ-साथ उन ग्राहकों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है, जो इन साइट्स पर दांव लगाते थे। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अंतरराज्यीय संपर्कों और ट्रांजैक्शन के मुख्य स्रोतों की पड़ताल कर रही है।