ओडिशा के राउरकेला में विमान हादसा: पायलट की सूझबूझ से बची 6 जानें, खेत में कराई क्रैश लैंडिंग

ओडिशा के राउरकेला में शनिवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टल गया। ‘इंडिया वन एयर’ का एक 9-सीटर निजी विमान तकनीकी खराबी के कारण रघुनाथपाली इलाके के जलदा स्थित एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलटों की तत्परता और सूझबूझ के चलते विमान में सवार सभी छह लोग सुरक्षित हैं, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

विमान ने राउरकेला हवाई अड्डे से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के मात्र 10 किलोमीटर बाद ही इंजन में कुछ तकनीकी खराबी आने की आशंका जताई जा रही है। विमान के अनियंत्रित होते ही पायलटों ने आबादी वाले क्षेत्र को बचाने के लिए विमान को खाली पड़े एक खेत की ओर मोड़ा और वहां सुरक्षित ‘बेली लैंडिंग’ कराने का प्रयास किया।

विमान में दो क्रू मेंबर (कैप्टन नवीन और कैप्टन श्रीवास्तव) सहित 4 यात्री सवार थे। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस दुर्घटना में विमान का अगला हिस्सा और पंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण इंजन में तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। विमानन अधिकारियों (DGCA) को घटना की जानकारी दे दी गई है, जो अब हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच करेंगे।