26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह से पहले भारतीय खुफिया एजेंसियों ने राजधानी दिल्ली में बड़े आतंकी हमले को लेकर ‘हाई अलर्ट’ जारी किया है। इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन और बांग्लादेशी आतंकी गुट दिल्ली सहित देश के कई प्रमुख शहरों को दहलाने की साजिश रच रहे हैं।
गैंगस्टर्स बने आतंकियों के ‘फुट सोल्जर’
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, पंजाब के कुछ बड़े गैंगस्टर विदेश में बैठे खालिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में हैं। ये गैंगस्टर हरियाणा, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सक्रिय हैं और आतंकी संगठनों के लिए ‘फुट सोल्जर’ की भूमिका निभा रहे हैं। ये हैंडलर भारत की आंतरिक सुरक्षा को अस्थिर करने के लिए अपराधियों के नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 10 नवंबर, 2025 को लाल किले के पास हुए कार बम धमाके (जिसमें 15 लोगों की मौत हुई थी) के बाद से सुरक्षा एजेंसियां अत्यधिक सतर्क हैं।
दिल्ली पुलिस की मॉक ड्रिल और तैयारी
आतंकी खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस की नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट टीम ने भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में मॉक ड्रिल की। इससे पहले लाल किला, ISBT कश्मीरी गेट और मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया गया। इन ड्रिल्स का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा बलों और आम जनता की त्वरित प्रतिक्रिया को जांचना है। 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में इस बार 30 झांकियां शामिल होंगी। इस वर्ष की परेड की मुख्य थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र-वंदे मातरम्’ और ‘समृद्धि का मंत्र-आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है।