पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का बेलडांगा शनिवार को लगातार दूसरे दिन हिंसा की आग में जल रहा है। झारखंड और बिहार में प्रवासी मजदूरों के साथ हुई कथित मारपीट और हत्या के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने NH-12 और रेलवे ट्रैक को पूरी तरह जाम कर दिया है। पुलिस ने अब तक 30 दंगाइयों को गिरफ्तार किया है।
बिहार-झारखंड की घटनाओं ने भड़काई आग
हिंसा की शुरुआत शुक्रवार को तब हुई जब झारखंड में फेरी लगाने वाले मुर्शिदाबाद के मजदूर अलाउद्दीन शेख का शव गांव पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई। शनिवार को तनाव तब और बढ़ गया जब बिहार में मारपीट का शिकार हुए एक अन्य मजदूर अनीसुर शेख की हालत गंभीर होने की खबर आई। इन घटनाओं से गुस्साए ग्रामीणों ने बेलडांगा स्टेशन पर सिग्नल प्रणाली और रेल गेट में तोड़फोड़ की, जिससे कृष्णनगर और लालगोला के बीच रेल सेवा ठप हो गई।
संबित पात्रा का ममता सरकार पर हमला
दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने बंगाल सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ट्रेनों को जलाया जा रहा है और ममता बनर्जी इसे ‘अल्पसंख्यकों का गुस्सा’ बताकर बचाव कर रही हैं। पात्रा ने एक महिला पत्रकार पर हुए हमले का मुद्दा भी उठाया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
ग्राउंड जीरो पर स्थिति तनावपूर्ण
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों और ट्रैफिक कियोस्क को निशाना बनाया। पत्थरबाजी में पत्रकारों समेत 12 लोग घायल हुए हैं। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त RPF और RPSF की कंपनियां तैनात की गई हैं। स्थानीय विधायक हुमायूं कबीर और एडिशनल एसपी प्रदर्शनकारियों को समझाने और हाईवे खाली कराने की कोशिश कर रहे हैं।