जबलपुर के पूर्व विधानसभा क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन उस समय हिंसक मोड़ पर आ गया, जब भाजपा के पूर्व विधायक अंचल सोनकर के घर के बाहर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में निकल रही रैली के दौरान पूर्व भाजपा विधायक के बेटे सुशांत उर्फ राजा सोनकर ने बालकनी से कार्यकर्ताओं पर पिस्टल तान दी।
वीडियो वायरल: मारने का इशारा और चप्पल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजा सोनकर बालकनी से पिस्टल दिखाते हुए मारने का इशारा करते नजर आ रहे हैं। वहीं उनके साथ खड़ी एक महिला ने रैली की ओर चप्पल भी दिखाई। इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस की कार्रवाई: FIR की तैयारी
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लिखित शिकायत मांगी गई है। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और पुष्टि होने के बाद आरोपी के खिलाफ विधिवत FIR दर्ज की जाएगी।
बचाव में राजा सोनकर का ‘खिलौना’ तर्क
मामला गहराते ही राजा सोनकर ने एसपी को पत्र सौंपकर सफाई दी है। उन्होंने दावा किया कि वे अपने बच्चे के साथ खेल रहे थे और हाथ में खिलौने वाली बंदूक थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके और उनके पिता के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। भीड़ को घर की ओर आता देख उन्होंने ‘खिलौना’ दिखाकर केवल उन्हें डराने और रोकने की कोशिश की। विपक्षी दल उनकी राजनीतिक छवि खराब करने के लिए अफवाह फैला रहे हैं।