हिमाचल के सीएम सुक्खू को बम से उड़ाने की धमकी: गणतंत्र दिवस समारोह पर आत्मघाती हमले का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को गणतंत्र दिवस के अवसर पर ‘मानव बम’ से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी भरा ई-मेल शिमला के उपायुक्त (DC) कार्यालय की आधिकारिक मेल आईडी पर प्राप्त हुआ है। ई-मेल में चेतावनी दी गई है कि यदि मुख्यमंत्री 26 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज फहराने पहुंचते हैं, तो उन पर आत्मघाती हमला किया जाएगा।

BNS की धाराओं में केस दर्ज

प्रशासन ने इस ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया। थाना सदर शिमला में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 353(1)(b) और 152 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इसे जनता में भय पैदा करने और देश की संप्रभुता को चुनौती देने वाली गंभीर हरकत मान रही है।

साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पुलिस की साइबर टीम ई-मेल के स्रोत और लोकेशन का पता लगाने के लिए डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शिमला के रिज मैदान पर होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।