गुजरात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के परिवार से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। उनके भतीजे और क्लास-1 सरकारी अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने बुधवार रात अपनी पत्नी राजेश्वरी की हत्या करने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यशराज और राजेश्वरी की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। यशराज गुजरात मैरीटाइम बोर्ड में कार्यरत थे और हाल ही में पदोन्नत हुए थे।
108 एम्बुलेंस को बुलाने के बाद खुद को मारी गोली
पुलिस के अनुसार, दंपति बुधवार रात एक रिश्तेदार के घर डिनर से लौटे थे, जिसके बाद उनके बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि यशराज ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मार दी। वारदात के बाद यशराज ने खुद 108 पर कॉल कर एम्बुलेंस बुलाई। जब मेडिकल टीम मौके पर पहुँची और राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया, तो उनके बाहर निकलते ही यशराज ने भी खुद को गोली मार ली। घटना के समय यशराज की मां दूसरे कमरे में मौजूद थीं।
वस्त्रपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच कर रही जांच
अहमदाबाद के एनआरआई (NRI) टावर स्थित उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। क्राइम ब्रांच और वस्त्रपुर पुलिस की टीमें मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं। फिलहाल हत्या और आत्महत्या के पीछे के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शक्तिसिंह गोहिल का परिवार गुजरात के लिम्दा राजघराने से ताल्लुक रखता है, और इस घटना के बाद पूरे राजनीतिक गलियारे और राजघराने में शोक की लहर है।