छत्रीपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में एक आरक्षक पर 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और बार-बार पीछा करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पीड़िता, जो छत्रीबाग क्षेत्र की रहने वाली है, ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को कोचिंग के लिए जा रही थी। जयरामपुर कॉलोनी के आसपास आरोपी आरक्षक दीपक ने उसका रास्ता रोक लिया, हाथ पकड़कर घर छोड़ने की बात कही। छात्रा ने किसी तरह हाथ छुड़ाकर कोचिंग पहुंची।
छात्रा ने आगे बताया कि आरोपी इससे पहले भी कई बार रास्ते में रोककर उससे नाम-पता पूछ चुका था और लगातार उसका पीछा कर रहा था। आरोपी पुलिस वर्दी में होने के कारण वह डर के मारे पहले किसी को नहीं बता पाई। बाद में उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई।
मामले की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मंगलवार रात छत्रीपुरा थाने पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की। एडिशनल डीसीपी हेमंत चौहान को जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और छेड़छाड़ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आरक्षक दीपक डायल-100 सेवा में तैनात था। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है तथा बुधवार को उसके खिलाफ विभागीय जांच एवं कार्रवाई शुरू की जा सकती है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है।