इंदौर: वैष्णोदेवी यात्रा पर गए दंपति के घर से 25 लाख के गहने व 35 लाख नकद चुराए

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। वैष्णोदेवी यात्रा पर गए एक दंपति के घर से बदमाशों ने कुल 60 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति उड़ा ली।

घटना बाणेश्वरी कुंड के पीछे स्थित डागर मोहल्ला में हुई। मकान मालिक विनोद यादव और उनकी पत्नी मनीषा यादव वैष्णोदेवी दर्शन के लिए गए थे। यात्रा से लौटने पर सोमवार को उन्हें घर में सामान बिखरा मिला। जांच करने पर पता चला कि अलमारी व अन्य जगहों से 25 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 35 लाख रुपये नकद गायब हो चुके थे।

दंपति ने तुरंत बाणगंगा पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्धों के बारे में सुराग मिले हैं, जिनकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, विनोद यादव ने हाल ही में रामनगर इलाके में अपना एक प्लॉट बेचा था। इस सौदे से उन्हें 35 लाख रुपये नकद प्राप्त हुए थे, जिन्हें वे नई संपत्ति खरीदने के लिए घर पर ही सुरक्षित रखे थे। यात्रा के दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने यह वारदात को अंजाम दिया।