छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध राजिम कुंभ कल्प मेले में व्यवस्थाओं की लापरवाही को लेकर भाजपा विधायक रोहित साहू बेहद नाराज नजर आए। उन्होंने जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी को जमकर फटकार लगाई तथा कहा कि सरकार की छवि खराब करने वालों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा।
मामला मुख्य मंच पर प्रस्तुति देने आए कलाकारों के भोजन और पानी की व्यवस्था से जुड़ा है। सूत्रों के अनुसार, 8 फरवरी को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कलाकारों को लगभग डेढ़ घंटे तक बिना भोजन के बैठाए रखा गया। इस दौरान उन्हें न तो खाना उपलब्ध कराया गया और न ही कोई उचित व्यवस्था की गई।
इस घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रोहित साहू तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर (जो मेले के नोडल अधिकारी हैं) सहित अन्य अधिकारियों और इवेंट कंपनी के प्रतिनिधियों से जवाब तलब किया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर वे भड़क गए और कड़ी नाराजगी जताई। विधायक ने कहा, “सरकार की इमेज की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यह बेइज्जती है।”
बता दें कि इससे एक दिन पहले यानी 7 फरवरी को भी पत्रकारों और आम नागरिकों ने इवेंट कंपनी पर मनमानी, रोक-टोक और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए थे। इन शिकायतों पर विधायक ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
विधायक ने मौके पर ही स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि राजिम कुंभ आस्था, संस्कृति और प्रदेश की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कलाकारों को किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी को सख्त निर्देश दिए कि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
इसके बाद विधायक रोहित साहू ने सभी प्रभावित कलाकारों को अपने साथ एक निजी रेस्टोरेंट में ले जाकर भोजन कराया। उन्होंने कहा, “कलाकारों का सम्मान सर्वोच्च है। उनकी उपेक्षा किसी भी सूरत में मंजूर नहीं।”