रावजी बाजार इलाके में शुक्रवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना ने इलाके को स्तब्ध कर दिया। पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने अपने दो छोटे बच्चों के सामने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चे पिता को रोकने के लिए उनके पैर पकड़कर रोते-चीखते रहे, लेकिन युवक ने उन्हें धक्का देकर अपनी जान दे दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मनोज जाटव (पिता कल्याण जाटव) के रूप में हुई है। वह राधा गोविंद का बगीचा क्षेत्र का निवासी था और किराए के मकान में रहता था। मनोज सरवटे बस स्टैंड के निकट एक होटल में खाना बनाने का काम करता था।
परिजनों के बताने के अनुसार, शुक्रवार रात पत्नी से किसी बात पर तीखी बहस हुई। इसके बाद पत्नी अपनी एक साल की बेटी को लेकर रिश्तेदारों के यहां चली गई। साले भूरा जाटव ने बताया कि वे वहां मिलने गए थे और बातचीत के बाद पत्नी के साथ वापस लौट आए थे। लेकिन इसके बाद क्या हुआ, यह समझ नहीं आ रहा कि मनोज ने इतना कदम उठा लिया।
घटना के समय घर में मनोज के दो बेटे तीन साल और दो साल के मौजूद थे। बच्चों की रोने-चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने गेट तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। वहां मनोज फंदे पर लटका मिला, जबकि दोनों बच्चे डरे-सहमे रो रहे थे।
सूचना मिलते ही रावजी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पारिवारिक कलह के कारणों का पता लगा रही है।