भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जैसलमेर जिले के म्याजलार क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक संदिग्ध युवक को ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया। युवक प्रतिबंधित रेतीले इलाके में घूमते हुए मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे रोककर पूछताछ की और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सुपुर्द कर दिया।
युवक की पहचान मोहम्मद अशफाक हुसैन (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो तेलंगाना का निवासी है। उसके पास से भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद हुआ है। ग्रामीणों ने गुंजनगढ़ गांव के निकट खेतों और प्रतिबंधित क्षेत्र में उसकी संदिग्ध हरकतें देखीं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर भोजराज सिंह गुंजनगढ़ और भाखर सिंह करड़ा जैसे स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पास की पोछीणा BSF चौकी को सूचित किया।
BSF की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि हुई। सीमावर्ती संवेदनशील इलाके में बिना अनुमति के बाहरी राज्य के व्यक्ति का पहुंचना सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां अब गहन जांच में जुटी हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि तेलंगाना से इतनी दूर स्थित सीमा क्षेत्र तक वह कैसे पहुंचा, क्या उसके कोई स्थानीय संपर्क थे, या वह भटककर वहां आया। साथ ही, प्रतिबंधित क्षेत्र में उसकी मौजूदगी के पीछे का उद्देश्य भी खंगाला जा रहा है। खुफिया एजेंसियां भी इस मामले में अलर्ट हो गई हैं और संयुक्त पूछताछ जारी है।