AI समिट में हंगामा: यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर पीएम मोदी के खिलाफ किया प्रदर्शन

प्रगति मैदान के भारत मंडपम में चल रहे ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान शुक्रवार को अचानक हंगामा मच गया। इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा व्यवस्था को भेदते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए और कथित भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध जताया। इस घटना से वहां मौजूद प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों में कुछ देर के लिए अफरातफरी फैल गई।

दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को बाहर निकाला। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कम से कम 4 से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है और जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बीजेपी ने इस प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे ‘राष्ट्रीय शर्म’ करार दिया और कहा कि जब भारत वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रहा है, तब कांग्रेस ने गरिमा के स्थान पर व्यवधान पैदा करना चुना। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को जानबूझकर खराब करने की कोशिश है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह विरोध नहीं, बल्कि पार्टी का घमंड और हताशा है। उन्होंने ट्रेड डील को लेकर भ्रम फैलाने और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

बीजेपी के अन्य नेताओं जैसे केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, गजेंद्र सिंह शेखावत, दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी प्रदर्शन को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश की छवि धूमिल करना अस्वीकार्य है।