प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में माइक्रोन टेक्नोलॉजी के सेमीकंडक्टर एटीएमपी (असेंबली, टेस्ट, मार्किंग और पैकेजिंग) केंद्र का उद्घाटन किया। यह भारत में सेमीकंडक्टर क्षेत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां वाणिज्यिक उत्पादन की शुरुआत हो गई है।
शनिवार को साणंद में आयोजित रोड शो के दौरान हजारों लोगों ने उत्साह से पीएम मोदी का स्वागत किया। बाद में रविवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने साणंद की प्रगति की सराहना की। उन्होंने लिखा कि साणंद ने हाल के वर्षों में अभूतपूर्व बदलाव देखा है। पहले इसे एक सामान्य स्थान समझा जाता था, लेकिन अब यह विकास और नवाचार का जीवंत केंद्र बन चुका है।
पीएम मोदी ने कहा कि साणंद में आज एक नए युग की शुरुआत हो रही है। माइक्रोन के इस एटीएमपी केंद्र से वैश्विक प्रौद्योगिकी मूल्य श्रृंखला में भारत की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित होगी। यह परियोजना इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत पहला स्वीकृत प्रस्ताव थी, जिसका शिलान्यास सितंबर 2023 में हुआ था। कुल 22,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस योजना का निर्माण कार्य स्वीकृति के तुरंत बाद शुरू हो गया।
प्रधानमंत्री ने ‘नए भारत’ की सोच पर जोर देते हुए कहा कि नीति से उत्पादन की ओर तेजी से बदलाव हो रहा है। उन्होंने बताया कि जटिल नियामक प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है और कुछ ही महीनों में अग्रिम मूल्य निर्धारण समझौतों को मंजूरी मिल गई। विकसित देशों में ऐसी प्रक्रियाओं में सामान्यतः 3 से 5 साल लग जाते हैं, लेकिन स्पष्ट इरादे और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से नीतियां पारदर्शी हो जाती हैं और फैसले तेजी से लिए जाते हैं।