नराइल जिले के कालिया क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग से जुड़े नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लगभग 50 घरों तथा दुकानों में आग लगा दी गई। हमले दोपहर से रात तक जारी रहे। कई घरों में तोड़फोड़ भी हुई और सामान लूटा गया। पूर्व सांसद और स्थानीय प्रभावशाली नेताओं के घर भी प्रभावित हुए।
यह घटना दो दिन पहले उसी इलाके में बीएनपी की एक रैली पर हुए हमले के बाद हुई। उस हमले में पार्टी के दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई थी। घायलों को अस्पताल ले जाते समय उनकी जान चली गई।
बांग्लादेश में शेख हसीना के दिसंबर में देश लौटने की चर्चा के बीच पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। दोनों पक्ष एक- दूसरे पर हिंसा भड़काने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।