इंदौर: पुलिस पूछताछ के दौरान युवक ने पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग, मौके पर मौत

इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ताप्ती परिसर में बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि एक 23 वर्षीय युवक ने बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राज मकवाना के रूप में हुई है। घटना का समय रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच बताया जा रहा है।

परिवार के अनुसार, राज को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत रहती थी और वह मानसिक तनाव से ग्रस्त था। उसका इलाज भी चल रहा था। गर्मी के कारण वह रात में मल्टी के नीचे टहल रहा था। इसी दौरान चौकीदार ने उससे देर रात घूमने के बारे में सवाल किया। मौके पर पुलिस की गाड़ी भी पहुंच गई।

परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक को रोका, पूछताछ की और एक जवान ने उसे थप्पड़ भी मार दिया। परिवार ने बताया कि राज ने पुलिस से माफी मांगी और अपनी तबीयत के बारे में भी जानकारी दी, लेकिन थप्पड़ के बाद वह घबरा गया। पकड़े जाने के डर से वह बार-बार फ्लैट के अंदर-बाहर होता रहा और अंततः पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की मां रेखा मकवाना ने बताया कि उन्होंने दो बार बेटे को समझाकर अंदर बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह फिर बाहर चला गया। जब वह खुद नीचे पहुंचीं, तभी उनके सामने राज ने छलांग लगा दी। घटना के बाद पूरा परिवार रातभर अस्पताल के बाहर बैठा रहा।

बहन राधिका ने कहा कि राज की तबीयत खराब होने के कारण वह कई महीनों से घर पर ही था। पहले चौकीदार ने उसे रोका, जिस पर बहस हुई। बाद में चौकीदार ने पास से गुजर रही पुलिस को बुला लिया। परिवार का निवास आईडीए की सरकारी आवासीय योजना के तहत निर्मित मल्टी में है। पिता मनोज मकवाना पेशे से बावर्ची हैं, मां गृहिणी हैं। दो बहनें पास ही काम करती हैं, जबकि एक भाई निजी कंपनी में नौकरी करता है।

पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी में युवक के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी तनाव की पुष्टि हुई है। पुलिस की भूमिका को लेकर परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसकी जांच की जा रही है।