होली के उत्सव के बीच भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में एक युवा प्रोफेसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, जबकि मौत का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।
मृतक की पहचान कृष्णा नायक (25 वर्ष), पुत्र उमेश नायक, निवासी ऐशबाग के रूप में हुई है। वह एक निजी कॉलेज में प्रोफेसर थे और एमपी नगर स्थित एक कोचिंग संस्थान में भी छात्रों को पढ़ाते थे। उन्होंने भोपाल के एक निजी संस्थान से बी.टेक की डिग्री प्राप्त की थी।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा ने बुधवार को दोस्तों के साथ होली खेली और उत्सव के दौरान भांग का सेवन किया। जमकर रंग-रेलियां मनाने और डांस करने के बाद उन्हें अचानक घबराहट हुई। इसके बाद वे एक दोस्त के कमरे में गए, जहां वे बेहोश होकर गिर पड़े।
दोस्तों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार दोपहर पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार, कृष्णा ने दोस्तों के साथ भांग का सेवन किया था। रिश्तेदार बेनी प्रसाद शर्मा ने बताया कि उन्होंने एक लीटर दूध में भांग की 6 गोलियां मिलाकर तैयार की गई भांग को अकेले ही पी लिया था। पुलिस ने मृतक के परिवारजनों और दोस्तों के बयान दर्ज कर लिए हैं। ऐशबाग थाने में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।