भारतीय चुनाव आयोग आज पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम औपचारिक रूप से जारी करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य आयुक्तों द्वारा शाम 4 बजे विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदान की तारीखें, चरणों की संख्या और अन्य जरूरी डिटेल्स बताई जाएंगी।
इस घोषणा के साथ ही इन राज्यों-केंद्रशासित प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी, जिसके तहत सरकारें कोई नई घोषणा या योजनाएं नहीं ला सकेंगी तथा चुनाव आयोग राज्य मशीनरी पर नियंत्रण रखेगा।
पांचों विधानसभाओं का कार्यकाल मई-जून 2026 में समाप्त हो रहा है। विस्तृत जानकारी इस प्रकार है:
• पश्चिम बंगाल: 7 मई 2026
• तमिलनाडु: 10 मई 2026
• केरल: 23 मई 2026
• असम: 20 मई 2026
• पुडुचेरी: 15 जून 2026
ये सभी विधानसभाएं 2021 में चुनी गई थीं। पिछले चुनावों में पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान हुआ था, जबकि असम में तीन चरणों में। तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में वोटिंग हुई थी। सूत्रों के अनुसार इस बार भी पश्चिम बंगाल में तीन-चार चरणों और असम में दो चरणों की संभावना है, जबकि बाकी राज्यों में एक चरण में चुनाव हो सकते हैं।
चुनाव आयोग ने हाल ही में इन सभी जगहों पर मतदाता सूचियों का विशेष गहन संशोधन (SIR) पूरा किया है और अंतिम रोल प्रकाशित कर दिए गए हैं। पश्चिम बंगाल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
घोषणा के बाद चुनाव प्रक्रिया तेज हो जाएगी। सभी दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी चौथी बार सत्ता बचाने की कोशिश में हैं, जबकि तमिलनाडु में एमके स्टालिन दूसरा कार्यकाल चाहते हैं। असम में हिमंता बिस्वा सरमा, केरल में पिनारायी विजयन और पुडुचेरी में एन. रंगास्वामी भी अपनी-अपनी पार्टी के लिए मैदान में उतरेंगे।