होर्मुज पार कर गुजरात पहुंचा दूसरा एलपीजी कैरियर ‘नंदा देवी’

मध्य पूर्व में तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद भारत की ऊर्जा आपूर्ति को बड़ा सहारा मिला है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी कैरियर ‘नंदा देवी’ सफलतापूर्वक होर्मुज जलडमरूमध्य पार करते हुए गुजरात के वडीनार बंदरगाह पर पहुंच गया।

जहाज में 47,000 मीट्रिक टन से अधिक लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) लदी हुई है। यह हालिया संकट के दौरान होर्मुज रूट से भारत पहुंचने वाला दूसरा एलपीजी टैंकर है।

कल ही इसी रूट से दूसरा टैंकर ‘शिवालिक’ गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पहुंचा था। उसमें करीब 46,000 मीट्रिक टन एलपीजी थी, जो लगभग 32 लाख घरेलू 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडरों के बराबर बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि एक ऐसा जहाज देश की कुल एलपीजी आयात जरूरत का करीब एक दिन का हिस्सा पूरा करने में सक्षम है।

जहाजरानी मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा था कि दोनों जहाज 16 और 17 मार्च को अपने गंतव्य पर पहुंचने वाले थे। उन्होंने यह भी बताया कि फारसी खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। उस समय वहां 24 भारतीय ध्वज वाले जहाज थे, जिनमें से अब ये दोनों एलपीजी टैंकर सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं।