भारतीय शेयर बाजार की हुई तेज़ शुरुआत 

भारतीय शेयर बाजार आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन तेजी के साथ खुला। सुबह के सत्र में ही सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी भी 65 अंक ऊपर चढ़कर कारोबार कर रहा था।

शुरुआती कारोबार में आईटी और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में मजबूत खरीदारी देखी गई, जिससे प्रमुख सूचकांक ऊंचे स्तर पर पहुंच गए। सुबह 9:15 बजे के आसपास बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स लगभग 200 अंक की बढ़त के साथ 76,257 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 65 अंक से अधिक की तेजी के साथ 23,646 पर खुला।

निफ्टी में सबसे ज्यादा तेजी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, विप्रो और श्रीराम फाइनेंस के शेयरों में देखने को मिली। इन कंपनियों में हुई अच्छी खरीदारी ने पूरे सूचकांक को सहारा दिया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी सकारात्मक रुख रहा। निफ्टी मिडकैप करीब 0.97 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप लगभग 1 प्रतिशत ऊपर चढ़कर कारोबार कर रहे थे।

सेक्टोरल मोर्चे पर आईटी और ऑटो इंडेक्स सबसे आगे रहे, जबकि मेटल सेक्टर में गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी मेटल इंडेक्स करीब 0.83 प्रतिशत नीचे आया।

वैश्विक संकेतों ने भी घरेलू बाजार को बल दिया। एशियाई बाजारों में अच्छा माहौल रहा, जहां जापान का निक्केई 225 दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब चार प्रतिशत मजबूत हुआ। चीन का सीएसआई 300 और हांगकांग का हैंग सेंग भी हल्की बढ़त के साथ खुले।

अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को सकारात्मक बंद देखा गया। एसएंडपी 500 और डॉ जोंस में हल्की तेजी रही, जबकि नैस्डैक कंपोजिट में अच्छी बढ़त दर्ज की गई। निवेशकों की नजरें अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक पर टिकी हुई हैं, जहां ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किए जाने की उम्मीद है।