पश्चिम बंगाल और दिल्ली में 24 अवैध बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

देश में अवैध रूप से घुसपैठ और रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग राज्यों में सख्त कार्रवाई की है।

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी रोड रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) ने दिल्ली जाने वाली नॉर्थईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन से 14 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। इनमें 5 पुरुष, 5 महिलाएं और 4 नाबालिग बच्चे शामिल हैं।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि विशिष्ट सूचना और नियमित चेकिंग के दौरान इन संदिग्ध यात्रियों की पहचान की गई। उनकी तलाशी में फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए, जो अवैध तरीके से बनवाए गए प्रतीत होते हैं। इसके अलावा उनके पास मलेशियाई मुद्रा भी मिली है।

पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वे काम की तलाश में कश्मीर जा रहे थे। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने कहा कि सूत्रों की जानकारी पर ट्रेन निरीक्षण के दौरान इनके दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें आधार कार्ड फर्जी पाए गए।

इधर, दिल्ली पुलिस के विदेशी सेल ने भी 13 मार्च को एक विशेष अभियान चलाकर 10 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। ये लोग फर्जी मेडिकल वीजा का सहारा लेकर भारत में रह रहे थे। उनकी वीजा अवधि समाप्त हो चुकी थी, इसके बावजूद वे दिल्ली के बाहरी इलाकों में छिपे हुए थे।

विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) ने इन सभी हिरासत में लिए गए बांग्लादेशी नागरिकों के निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।