प्रेमिका को फोन कर परेशान करने के आरोप में एक युवक को उसके बॉयफ्रेंड और साथियों ने बुरी तरह पीटकर बेहोश किया और फिर जिंदा जमीन में दफन कर दिया। यह चौंकाने वाली घटना रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र के भरेंगाभाठा गांव के पास एक मुरूम खदान में हुई।
मृतक की पहचान नितेश बत्रा (29) के रूप में हुई है, जो पाकिस्तानी मूल का था और भारतीय नागरिकता नहीं मिलने के बावजूद रायपुर में ठेकेदारी का काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, नितेश की मौत गला घोंटने और जिंदा दफनाए जाने से हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मुंह और सांस की नली में मिट्टी भर जाने की पुष्टि हुई है।
घटना का पूरा विवरण
16 मार्च की रात को माना इलाके में श्याम सुंदर सोनी की सब्जी की दुकान के पास यह वारदात शुरू हुई। श्याम सुंदर सोनी की प्रेमिका सावित्री साहू को नितेश बत्रा लगातार फोन करके परेशान कर रहा था। उसी रात नितेश सावित्री के घर पहुंचा, तभी श्याम भी वहां आ गया।
श्याम ने नितेश से कहा कि “तुम मेरी गर्लफ्रेंड को रोज परेशान करते हो” और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। बहस बढ़ते ही मारपीट में बदल गई। श्याम ने अपनी दुकान से दो कर्मचारियों को बुला लिया और तीनों ने मिलकर नितेश को लाठियों से बुरी तरह पीटा। सिर पर लगी लाठी के वार से नितेश गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
आरोपियों ने बेहोश नितेश को उसी हालत में ऑटो में डालकर अभनपुर ले जाने का फैसला किया। रास्ते में उन्होंने नितेश की स्कूटी को एक पुलिया में फेंक दिया। इस दौरान ऑटो मुजगहन, माना, टिकरापारा और अभनपुर थाना क्षेत्रों से गुजरा, लेकिन किसी भी थाने में इसकी सूचना नहीं पहुंची। कुल 35-40 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद आरोपी भरेंगाभाठा गांव पहुंचे।
वहां रात के अंधेरे में उन्होंने नितेश को ऑटो से उतारकर फिर से पीटा और गमछे से गला घोंटने की कोशिश की। इसके बाद परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच स्थित मुरूम खदान में ले जाकर नितेश को जिंदा दफना दिया।
लाश की बरामदगी
घटना के पांच दिन बाद 21 मार्च को स्थानीय ग्रामीणों ने भरेंगाभाठा के पास सड़क किनारे मुरूम के गड्ढे में एक शव देखा। शव का एक हाथ और एक पैर जमीन से बाहर निकला हुआ था। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान माना थाने में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट के आधार पर नितेश बत्रा के रूप में हुई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड में श्याम सुंदर सोनी की प्रेमिका सावित्री साहू समेत कुल 6 लोग शामिल हैं।
पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें श्याम सुंदर सोनी, सावित्री साहू, सुमित कोसले और दो नाबालिग शामिल हैं। उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल ऑटो, लकड़ी और अन्य सबूत बरामद किए गए हैं। एक आरोपी माइकल सैनी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।