अखिलेश यादव का बड़ा दावा: बंगाल में फिर ममता की सरकार, भाजपा को जनता देगी करारा जवाब

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल की आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भरोसा जताया है कि राज्य में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार दोबारा बनने जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि भारतीय जनता पार्टी चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, बंगाल की जनता उसे सत्ता में आने नहीं देगी।

पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा कितनी भी बेईमानी या साजिश रचे, पश्चिम बंगाल की जनता उन्हें करारा जवाब देगी। ममता बनर्जी के नेतृत्व में जनता का समर्थन मजबूत है और यह चुनाव के नतीजों में साफ दिखाई देगा।”

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग मतदाताओं को सूची में जोड़ने के बजाय उन्हें हटाने पर ज्यादा ध्यान दे रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है।

इसके अलावा, उन्होंने संसद में महिला आरक्षण बिल पर अपनी राय रखते हुए कहा कि देश की बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए आरक्षण वर्तमान जनगणना के आधार पर तय किया जाना चाहिए। यादव ने महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार की तीखी आलोचना भी की। उनका कहना था कि चुनाव के बाद इन समस्याओं में और इजाफा हो सकता है, जिससे आम आदमी को और ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ेगा।